लखनऊ में ‘सुर ताल संगम’ का 13वां वार्षिकोत्सव, अनूप जलोटा बोलें- ’काशी बदली अयोध्या बदली अब मथुरा की बारी है..’

संगीतकार केवल कुमार लाइफ टाइम अवार्ड से सम्मानित, सुर ताल संगम के वार्षिकोत्सव में बरसाने वाली राधा...., अभा भजन प्रतियोगिता में नवीन, अंशिका व स्वरित प्रथम

0 75

लखनऊ, संवाददाता।

संगीतकार केवल कुमार को लाइफ टाइम अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान ‘भजन सम्राट’ अनूप जलोटा ने गोमतीनगर स्थित संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में गुरुवार देर शाम सुर ताल संगम संस्था के तेरहवें वार्षिकोत्सव में प्रदान किया।

संगीतकार केवल कुमार को लाइफ टाइम अवार्ड

भजन सम्राट अनूप जलोटा ने इस दौरान कहा ‘धन-दौलत, जमीन आदमी के जाने के साथ ही छूट जाती है पर बड़ी बात ये होगी कि वह अपना ज्ञान नयी पीढ़ी को सौंपकर जाये।’ अपने 60 साल के संगीत के सफर और 71 वर्ष की उम्र का जिक्र करने के साथ संगीतकार केवल कुमार को लाइफ टाइम अवार्ड से सम्मानित किया।

उनकी मौजूदगी में उनके और डॉ. जया श्रीवास्तव के गाये भजन- बरसाने वाली राधा…. की लांचिंग के संग भजनों की रसधारा श्रोताओं को मधुर भक्तिभावों से भर गयी।

अनूप जलोटा ने ऐसी लागी लगन…. से श्रोताओं को किया भाव- विभोर

भजन सम्राट ने राम भजन- राम रमैया गाये जा में काशी बदली अयोध्या बदली अब मथुरा की बारी है…. से गाना शुरू किया तो श्रोताओं की फरमाइशों की झड़ी लग गयी।

आगे उन्होंने- ऐसी लागी लगन…. से श्रोताओं को भाव- विभोर किया। उन्होंने यहां प्रतियोगियों और कलाकारों को- देखन में छोटे लगें, घाव करे गम्भीर की संज्ञा देते हुये सम्मानित किया।

प्रतिभाओं को खोजने और नये कलाकारों को मौका देने वाला समर्पित संगीतकर्मी हैं जया

केवल कुमार के लिये उन्होंने कहा कि व्यक्ति ऐसा ही होना चाहिये जो दूसरों को बनाता है। जया श्रीवास्तव को उन्होंने मेहनत कर प्रतिभाओं को खोजने और नये कलाकारों को मौका देने वाला समर्पित संगीतकर्मी बताया।

पद्मश्री अनूप जलोटा और अन्य अतिथियों का स्वागत

राम से कृष्ण के भजनों से लेकर निर्गुण रचनाओं से सजे कार्यक्रम में संस्थापिका डॉ. जया ने संगीत को समर्पित संस्था के विगत वर्षों में खोजी गयी अनगिनत प्रतिभाओं की जानकारी देते हुए पद्मश्री अनूप जलोटा और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

बरसाने वाली राधा… की लांचिंग करते हुए स्क्रीन पर दिखाया

समारोह में बरसाने वाली राधा… की लांचिंग करते हुए स्क्रीन पर दिखाया गया। बाल, युवा और वरिष्ठ, इन तीन वर्गों में हुई अखिल भारतीय भजन प्रतियोगिता के फाइनल में बाल वर्ग में स्वरित अग्रवाल पहले व अद्विका श्रीवास्तव दूसरे स्थान पर तो नवयुवा वर्ग में अंशिका प्रथम व दिव्यांशु द्वितीय रहे।

सीनियर वर्ग में पहले तीन स्थान क्रमशः नवीन चन्द्रा, सुशीलकुमार सिंह राठौर व चंदन रैतानी को मिले। विजेताओं को क्रमशः 31सौ, 21सौ और 11सौ का पुरस्कार, स्मृतिचिन्ह व प्रमाणपत्र दिये गये।

संस्था की वेबसाइट, गीत की लांचिंग और आकार बैण्ड की भी शुरुआत

इससे पहले संस्था के बर्लिंग्टन चौराहा स्थित प्रशिक्षण केन्द्र की शुरुआत के साथ इस मौके पर संस्था की वेबसाइट, संस्था गीत की लांचिंग और युवा संगीतकार अभिजीत के नेतृत्व में आकार बैण्ड की भी शुरुआत हो गयी।

इस वाद्यवृंद ने- ऐसी लागी लगन…., रंग दे चुनरिया…. और जग में सुंदर हैं दो नाम…., चदरिया झीनी रे झीनी…. और सूरदास के पद- मैया मोरी मैं नहीं माखन खायो…. जैसे भजन सुनाये।

शबीना सैफी और ऐमन जावेद फारुकी ने पेश किए मधुर गीत

इसी क्रम में 20 दिवसीय भजन कार्यशाला के करीब 40 प्रतिभागियों ने आज सम्मानित निर्देशक संगीतकार केवल कुमार के निर्देशन में मोहक भजन प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभावान गायिका शबीना सैफी और ऐमन जावेद फारुकी भी मधुर गीत पेश किये। संस्था के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि राजेश जायसवाल व अन्य अतिथियों ने भी विचार व्यक्त किये।

Leave A Reply

Your email address will not be published.