38वें राष्ट्रीय खेल के लिए यूपी के खिलाड़ी तैयार, 31 खेलों में पेश करेंगे चुनौती
उत्तर प्रदेश का 434 सदस्यीय दल तैयार, एके त्रिपाठी होंगे उत्तर प्रदेश के मुख्य दलनायक
Indinewsline, Lucknow:
उत्तराखंड में आयोजित होने जा रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तर प्रदेश की टीम पूरी तरह से तैयार है। इन खेलों का आयोजन 28 जनवरी से 14 फरवरी तक उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी 31 खेलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे। राष्ट्रीय खेलों के लिए एके त्रिपाठी को उत्तर प्रदेश टीम का मुख्य दलनायक (चीफ डि मिशन) नियुक्त किया गया है। जो यूपी हॉकी उपाध्यक्ष भी हैं।
उत्तर प्रदेश के दल को ओलंपिक एसोसिएशन का ध्वज सौंपा
![]()
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में मंगलवार को आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के दल को ओलंपिक एसोसिएशन का ध्वज सौंपा गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने प्रेस वार्ता की। बताया कि इस बार उत्तर प्रदेश का 434 सदस्यीय दल राष्ट्रीय खेलों में भाग लेगा, जिसमें 340 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 195 पुरुष एवं 145 महिला खिलाड़ी हैं। इसी के साथ उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन ने खिलाडिय़ों व आफिशियल की सूची जारी कर दी।
खिलाड़ियों के सुचारू प्रतिभाग एवं प्रतियोगिता स्थल पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने के लिए बनी टीम
उन्होंने बताया कि प्रदेश के खिलाड़ियों के सुचारू प्रतिभाग एवं प्रतियोगिता स्थल पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने के लिए मुख्य दलनायक एके त्रिपाठी के साथ सुधीर शर्मा (सचिव, उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन), डॉ. सुधर्मा सिंह (सचिव, उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन) और विनय सिंह (कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन) को उपदलनायक (डिप्टी चीफ डि मिशन) के तौर पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कंटिजेंट असिस्टेंट की भूमिका में एसके तिवारी व मो. तौहीद होंगे।
उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी पिछली बार के मुकाबले करेंगे बेहतर प्रदर्शन
महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी पिछली बार के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करेंगे और राज्य के गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। नेशनल गेम्स से पहले उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के समन्वय से विभिन्न शहरों में कोचिंग कैंप आयोजित किए गए हैं ताकि खिलाडिय़ों की पुख्ता तैयारियां हो सके।
प्रतिभाग करने वाले सभी सदस्यों को ट्रेन का थ्री टीयर का किराया और मिलेगी किट
खेल निदेशक डा.आरपी सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खेल में प्रतिभाग करने वाले उत्तर प्रदेश के दल के सभी सदस्यों को ट्रेन का थ्री टीयर का किराया और किट दी जा रही है। इसके साथ इन खेलों में उत्तर प्रदेश के पदक विजेताओं को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इसमें व्यक्तिगत खेलों में स्वर्ण विजेता को 6 लाख, रजत विजेता को 4 लाख व कांस्य पदक विजेता को 2 लाख रुपए का नगद पुरस्कार मिलेगा। वहीं टीम इवेंट में पदक विजेता टीम के प्रत्येक सदस्यों में स्वर्ण विजेता को 2 लाख, रजत विजेता को 1 लाख व कांस्य पदक विजेता को 50 हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इस बार टीम की तैयारी पहले से अधिक मजबूत
महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने बताया कि 2023 में गोवा में आयोजित 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश ने 11 स्वर्ण, 23 रजत और 36 कांस्य पदक सहित कुल 70 पदक जीते थे। इस बार टीम की तैयारी पहले से अधिक मजबूत है और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। इससे पूर्व गुजरात में 2022 में हुए 36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश ने 20 स्वर्ण, 18 रजत व 18 कांस्य पदक सहित कुल 56 पदक जीते थे।
प्रेसवार्ता में ये पदाधिकारी भी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी, वुशू एसोसिएशन के सचिव मनीष कक्कड़ व लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अनिमेश सक्सेना भी मौजूद थे।
