सपा की सरकार बनने पर सम्भल में घटना की निष्पक्ष जांच कराएंगे अखिलेश, दोषियों को दिलाएंगे सजा

भाजपा सरकार ने सम्भल की घटना जानबूझकर अधिकारियों के माध्यम से करायी- अखिलेश यादव

0 50

Indinewsline, Lucknow:
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने सम्भल की घटना जानबूझकर अधिकारियों के माध्यम से करायी है। वहां लोगों के साथ अभी भी बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है। उन पर दबाव बनाया जा रहा है। झूठे मुकदमे लगाये जा रहे है। डीएम, पुलिस प्रशासन असंवैधानिक और अलोतांत्रिक काम कर रहे हैं।

सम्भल में दंगा नही था, पुलिस की गोली से निर्दोष युवाओं की ली गई जान
उन्होंने कहा कि सम्भल में दंगा नही था, वहां पुलिस की गोली से निर्दोष युवाओं की जान ली गयी है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सम्भल की घटना की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को सजा दिलाएंगे।

देश का भाईचारा नष्ट करना चाहती है भाजपा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार देश का भाईचारा नष्ट करना चाहती है। समाज में नफरत और भेदभाव फैलाना चाहती है। जब देश में प्लेसेस ऑफ़ वर्शिप एक्ट लागू है। तब इतनी जल्दबाजी में शाही जामा मस्जिद के सर्वे की क्या जरूरत थी?

कहा कि भाजपा सरकार में इंसान की कोई कीमत नहीं है। भाजपा दरारवादी पार्टी है। भाईचारा के खिलाफ है। यह हृदयहीन पार्टी है। अन्याय, अत्याचार की तमाम घटनाएं हो रही है, लेकिन इस सरकार में पीड़ितों के प्रति कोई सहानुभति नहीं है। भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। न किसी की सुनवाई हो रही है।

सपा प्रतिनिधिमण्डल को सम्भल में पीड़ितों से मिलने से क्यों रोका गया?
सपा प्रमुख ने कहा कि संभल में घटना के बाद समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल को पीड़ितों से मिलने से क्यों रोका गया? आखिर सरकार क्या छिपाना चाहती थी? सम्भल में पुलिस प्रशासन ने लोगों के साथ जैसा अन्याय किया है, वैसा पहले कभी नहीं देखा गया। पुलिस ने अपने मुताबिक बयान दिलाने के लिए लोगों को पीटा, झूठे मुकदमें लगाये, प्रताड़ित किया। जब समाजवादी पार्टी के नेता पीड़ितों से जेल में मिलने गए तो वहां जेलर के खिलाफ जातीय भेदभाव करके कार्रवाई की गयी।

सम्भल में पीड़ितों को सपा की तरफ से दिए गए पांच- पांच लाख का मुआवजा
सम्भल में पीड़ितों से मुलाकात करने और उनकी मदद के लिए नेता प्रतिपक्ष विधानसभा माता प्रसाद पाण्डेय और नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमण्डल गया हुआ था।

माता प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के साथ उन्होंने संभल में पीड़ितों के साथ मुलाकात की और उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तरफ से पांच-पांच लाख रूपया प्रदान करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जानबूझकर सुनियोजित साजिश के तहत घटना कराया और दंगा का रूप दिया।

प्रतिनिधिमंडल में ये सभी लोग भी रहे शामिल
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद हरेन्द्र मलिक, रुचि वीरा, नीरज मौर्या, विधायक कमाल अख्तर, रविदास मेहरोत्रा, नवाब इकबाल महमूद, पिंकी सिंह यादव, जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, जिलाध्यक्ष मुरादाबाद जयवीर सिंह यादव, जिलाध्यक्ष बरेली शिवचरन कश्यप आदि भी शामिल थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.