लखनऊ मण्डल में महिला रेल कर्मियों ने संभाली कमान, डीआरएम बोलें- विभिन्न विभागों में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण

मंडल की ओर से कार्यरत महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए विशेष शिविर

0 61

Indinewsline, Lucknow: मुकेश कुमार
हावड़ा अमृतसर एक्स. में दुर्गा ब्रिगेड के रूप में तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ प्रज्ञा सिंह एवं अंजलि एवं दून एक्सप्रेस में शिवांगी त्रिपाठी एवं वर्तिका गुप्ता ने महिला आरपीएफ के साथ लखनऊ से पं. दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन तक कमान संभाली। मण्डल के अन्य स्टेशनों तथा विभागों में भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के तहत महिला कर्मियों ने पूर्णरूप से कार्यभार संभाला।

मंडल की ओर से कार्यरत महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए विशेष शिविर


लखनऊ स्थित इंडोर रेलवे अस्पताल में मंडल की ओर से कार्यरत महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए विशेष शिविर लगाया गया था। इसमें वरिष्ठ चिकित्सकों और विशेषज्ञों की टीम ने महिलाओं को उनके स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

महिला कर्मी समाज में भी प्रेरणा का स्रोत


इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सभी महिला कर्मी अपने कार्यक्षेत्र में जिस निष्ठा, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ योगदान दे रही हैं, वह न केवल रेलवे की प्रगति में सहायक है, बल्कि समाज में भी प्रेरणा का स्रोत है। रेलवे के विभिन्न विभागों में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

लखनऊ मंडल में विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं महिला कर्मचारी

लखनऊ मंडल में महिला कर्मचारी विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं। स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, ट्रैक मेंटेनर, डीजल शेड एवं वर्कशॉप में इंजीनियर, क्लर्क, रेलवे सुरक्षा बल, नर्सिंग कर्मी/ चिकित्सा, गार्ड आदि पदों पर बखूबी अपना दायित्व निभा रही हैं। इसके साथ ही कार्यरत महिला खिलाडिय़ों ने देश एवं विदेश में होने वाली प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त कर मंडल को गौरवान्वित किया है। जिससे हमारा लखनऊ मंडल नई ऊँचाइयों को छू रहा है।

लखनऊ मंडल में महिला रेल कर्मियों को दी जा रही बेहतर सुविधाएं


डीआरएम ने कहा कि लखनऊ मंडल में महिला रेल कर्मियों को कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं दी जाती हैं ताकि वे बेहतर तरीके से अपना कार्य कर सकें। कार्यालयों में उनके लिए अलग लंच रूम, सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन तथा कार्यरत महिलाओं के छोटे बच्चों की देखभाल हेतु क्रेच की सुविधा प्रदान की गई है। यात्रा करने वाली महिला यात्रियों के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों में महिलाओं के लिए एक अलग अनारक्षित डिब्बा जो गार्ड के कोच से जुड़ा होता है, लगाया जाता है।

सभी मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों एवं आरक्षित श्रेणियों में महिला यात्रियों तथा गर्भवती के लिए लोअर बर्थ कोटा आवंटित


सभी मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों एवं आरक्षित श्रेणियों में वरिष्ठ नागरिकों, 45 वर्ष या अधिक आयु की महिला यात्रियों तथा गर्भवती (चिकित्सा प्रमाण पत्र के साथ) के लिए लोअर बर्थ कोटा आवंटित है। महत्वपूर्ण स्टेशनों पर महिलाओं के लिए अलग प्रतीक्षालय की व्यवस्था होती है, जहां महिलाएं 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के साथ गाड़ी के आगमन एवं प्रस्थान के समय प्रतीक्षा कर सकती हैं। साथ ही, स्टेशनों पर स्थापित वात्सल्य कक्ष में महिलाएं अपने शिशुओं की देखभाल कर सकती हैं। आरक्षण कार्यालय में महिलाओं के लिए अलग बुकिंग काउंटर की भी व्यवस्था है, जहां वह अपना टिकट आरक्षित करवा सकती हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.