ये सिर्फ राहुल गांधी की नहीं, भारत की जनता की जीत है : खरगे

जनता ने जो प्यार और साथ दिया, उसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद

0 151
नई दिल्ली
सुप्रीम कोर्ट द्वारा मानहानि मामले में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरने ने कहा कि आज बहुत ही खुशी का दिन है। आज लोकतंत्र की जीत हुई है, संविधान की जीत हुई है। ये सिर्फ राहुल गांधी की नहीं, भारत की जनता की जीत है। वहीं राहुल गांधी ने कहा कि आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों सच्चाई की जीत होती है। जनता ने जो प्यार और साथ दिया, उसके लिए उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान खरगे ने कहा राहुल गांधी एक ऐसे व्यक्ति हैं जो सच्चाई, राष्ट्रहित, युवाओं के अधिकारों और देश में महंगाई के लिए लड़ते हैं। राहुल गांधी को 24 घंटे के भीतर संसद की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। अब देखते हैं कि उनकी सदस्यता कितने घंटे में बहाल होती है। राहुल गांधी सच्चाई और देशहित के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक चार हजार किमी से ज्यादा चलकर सभी वर्ग के लोगों से मिले हैं, उन सब लोगों की दुआएं हमारे साथ हैं। यह लोगों की जीत है, वोटरों की जीत है। वायनाड की जनता की जीत है।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा चाहे जो हो, मेरा रास्ता बिल्कुल स्पष्ट है। मुझे अपना लक्ष्य मालूम है, मैं जानता हूं कि मुझे क्या करना है। जिन लोगों ने हमारी मदद की और जनता ने जो प्यार और साथ दिया, उसके लिए उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ।
वहीं कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि राहुल गांधी की बुलंद आवाज सुनने के लिए सभी उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि जब संसद में राहुल गांधी लौटेंगे तो फिर से सवालों की आंधी चलेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी के खिलाफ सभी 13 शिकायतें भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा की गई हैं। आज उच्चतम न्यायालय ने ऐसे कई अजीबोगरीब तथ्य जो कि उच्च न्यायालय के निर्णय में हैं, उन पर टिप्पणी की।
Leave A Reply

Your email address will not be published.