लखनऊ नगर निगम के कार्यालय में गिर रहीं ईंटे,टूट रहे प्लास्टर,हेलमेट लगाकर ड्यूटी करते हैं कर्मचारी

कपूरथला स्थित नगर निगम जोन तीन कार्यालय में कैश काउंटर कमरे की जर्जर छत से अचानक प्लास्टर व ईंटें गिरने से मची भगदड़

0 282

लखनऊ। बारिश के चलते कपूरथला स्थित नगर निगम जोन तीन कार्यालय में कैश काउंटर कमरे की जर्जर छत से अचानक प्लास्टर व ईंटें गिरने से भगदड़ मच गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब दो कैशियर अजय यादव और अरविंद सिंह काम कर रहे थे। गनीमत रही कि किसी कर्मचारी को किसी तरह की चोट नहीं लगी।

हादसे के बाद से डरे-सहमें कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। कोई कर्मचारी वहां काम करने को तैयार नहीं था। ऐसे में लोगों को असुविधा से बचाने के लिए कर्मचारियों को मनाया गया। इसके बाद वे हेलमेट लगाकर काम करने को तैयार हो गए। दोनों ही कैशियरों को दूसरे कैश काउंटर पर शिफ्ट कर दिया गया है। कर्मचारियों द्वारा हेलमेट लगाकर काम करने का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। करीब एक महीना पहले छत से मलबा गिरने से एक कर्मचारी घायल हो गया था। वहीं दोपहर को लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में बने आर्ट गैलरी की छत से फॉॅल्स सीलिंग गिर गई। यहां भी मौके पर कोई मौजूद नहीं रहा। जिससे बड़ा हादसा टल गया।

वहीं इसकी सूचना मिलने के बाद नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह व अपर अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने जोन तीन कार्यालय का निरीक्षण किया। इंजीनियर भी देखने पहुंचे। यह कार्यालय काफी पुराना है। अक्सर इसका प्लास्टर व ईंट गिरती रहती है। मंगलवार को भी अचानक पहले कैश काउंटर की छत का प्लास्टर गिरा। इसके कुछ देर बाद कंप्यूटर रूम का प्लास्टर गिरा। कुछ ईंटें भी गिरीं। इसकी वजह से यहां काम कर रहे कर्मचारी खौफ में आ गए। पहले भी कई बार यहां प्लास्टर गिर चुका है। इसके बावजूद बिल्डिंग की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है।

करीब एक महीना पहले छत से मलबा गिरने से एक कर्मचारी घायल हो गया था। उस वक्त कर्मचारी संघ के संगठन मंत्री मो. रेहान ने पदाधिकारियों संग नगर आयुक्त से मुलाकात कर जर्जर कार्यालय की मरम्मत कराने का अनुरोध किया था। मो. रेहान ने बताया कि गनीमत रही कि किसी कर्मचारी को किसी तरह की चोट नहीं लगी। हादसे के बाद से कोई कर्मचारी वहां काम करने को तैयार नहीं था। लोगों को असुविधा से बचाने के लिए कर्मचारियों को मनाया गया। इसके बाद वे हेलमेट लगाकर काम कर रहे हैं। फिलहाल, दोनों ही कैशियरों को दूसरे कैश काउंटर पर शिफ्ट कर दिया गया है। जहां उन कैशियरों को शिफ्ट किया गया है, उस कमरे की भी हालत कुछ ज्यादा ठीक नहीं है। वहां भी छत का प्लास्टर गिर चुका है। मो. रेहान ने कहा कि बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है। इसकी शिकायत नगर आयुक्त से कर चुके हैं। इस समय यहां की स्थिति भयानक हो चुकी है।

यह बिल्डिंग काफी पुरानी हो चुकी है। छत पर बारिश के समय पानी इकट्ठा हो जाता है। इस वजह से अधिकतर स्थानों का प्लास्टर गिर रहा है। अब स्थिति यह है कि छत से सरिया भी दिख रहा है। यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पीडि़त कर्मचारियों ने इसकी शिकायत की थी। नगर आयुक्त ने संज्ञान लेते हुए अलीगंज क्षेत्र में स्थित जल संस्थान के ऑफिस में नई बिल्डिंग को बनाकर नगर निगम जोन- 3 का दफ्तर शिफ्ट करने की बात कही है। अभी नए ऑफिस में काम चल रहा है, लेकिन वर्तमान बिल्डिंग में काम करने वाले कर्मचारी भय के माहौल में काम कर रहे हैं।

कैशियर अरविंद सिंह ने बताया की छत का प्लास्टर गिरा था, उसमें हम लोग बाल- बाल बच गए थे। इसलिए डर की वजह से हेलमेट लगाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस बिल्डिंग की जर्जर हालत काफी दिनों से है, कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। एक महीने पहले छत का प्लास्टर गिरने से घायल हुए कंचन सक्सेना ने कहा कि इस तरह की घटनाएं कई बार हो चुकी है। उन्होंने बताया कि एक महीना पहले ड्यूटी के दौरान उनके सिर पर प्लास्टर गिर गया था, जिसकी वजह से उन्हें चोट आई थी। डॉक्टरों ने सीटी स्कैन कराया था। हफ्ता भर आराम करने के बाद चोट सही हुई। कंचन ने कहा कि डर तो लगता है, लेकिन काम करना भी जरूरी है। कैश तो जमा कराना होगा। कर्मचारियों को किसी बड़ी घटना का डर सता रहा है।
नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आनन्द वर्मा ने कहा कि यहां की हालत को लेकर पहले ही नगर आयुक्त को पत्र लिखा गया था। 10 जुलाई को भी पत्र लिखा गया, लेकिन अफसरों ने संज्ञान नहीं लिया। उन्होंने मुख्यालय सहित सभी जोनल कार्यालयों की मरम्मत कराने को कहा था। साथ ही कर्मचारियों के बैठने के लिए कुर्सी मेज स्टेशनरी, पीने के पानी के लिए कूलर और पंखे आदि लगवाने को कहा था पर कोई काम नहीं हुआ।

इधर,सूचना मिलने के बाद नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह व अपर अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव जोन तीन कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान जोनल अधिकारी संजय यादव व पुनीत ओझा एवं नगर निगम कर्मचारी संघ से मो. रेहान दीपक शर्मा, राजीव राय, कंचन आदि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.