दिल्ली में पिछले तीन दिनों से नहीं हुई बारिश, फिर भी लगातार बढ़ता जा रहा यमुना का जल स्तर

यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सिविल लाइंस इलाके में मोटर बोट से यमुना के विभिन्न हिस्सों का किया मुआयना

0 34
नई दिल्ली
दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर बुधवार को सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में मोटर बोट द्वारा यमुना के विभिन्न हिस्सों में जाकर मुआयना किया। साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए विभागों को सदैव अलर्ट रहने के निर्देश दिए। मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है और हर स्थिति से निपटने के लिए हम तैयारियां कर रहे हैं। डूब क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लगातार हथिनी कुंड बैराज से छोड़े जा रहे लाखों क्यूसेक पानी से दिल्ली की ​स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि यदि इसी तरह से लगातार यमुना में जलस्तर बढ़ता रहा तो यमुना के आसपास के क्षेत्रों में लगाए गए बांध से पानी सड़कों तक आ सकता है।
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि राहत और बचाव कार्यों के लिए यमुना में विभिन्न जगहों पर मोटर बोट्स तैनात की गई है, जिसपर बचाव संबंधित सभी जरुरी उपकरण मौजूद है। साथ ही गोताखोर और मेडिकल टीमें भी तैनात है। संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में जाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में आबादी वाले इलाकों में पानी पंहुचने की संभावना नहीं है। मगर डूब क्षेत्रों में जिन इलाकों में खतरे के संकेत नजर आ रहे हैं, वहां पर राहत व बचाव संबंधित उचित कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार के सभी अफसर फिल्ड में मुस्तैद है। हमारा पूरा प्रयास है कि यमुना के किनारे बसे एवं खेती करने वाले सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
डूब क्षेत्र से सुरक्षित स्थानों पर लोगों को किया जा रहा स्थानांतरित है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.