यूपी: अमेठी में महिला के रोने चीखने की आवाज से दहशत, पुलिस भी हैरान, जांच के आदेश

जंगल से रोजाना किसी महिला के रोने और चीखने की आवाज आ रही है

0 107

लखनऊ, संवाददाता।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में हड़कंप मचा हुआ है। यहां संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गड़ेरी गांव के लोग भूत प्रेत के दहशत में रात को सो नहीं पा रहे हैं। लोग पिछले कुछ दिनों से अजब डर के साये में जी रहे हैं। यहां पास ही स्थित जंगल से रोजाना किसी महिला के रोने और चीखने की आवाज आ रही है।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंचीं निरीक्षण और पड़ताल की तो किसी महिला की रोने की आवाज सुनाई देने लगी। सामने से तो कुछ नहीं दिखा लेकिन महिला की रोने की आवाज जरूर सुनाई दी। आवाज सुनते ही पुलिसकर्मी भाग निकले। पुलिस वालों में भी हड़कंप मच गया। सीओ ने अब मामले की जांच शुरू कराई है। एलआईयू को लगाया गया है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गड़ेरी गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास ही जंगल है। ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले रात में जंगल से एक महिला के रोने की आवाज सुनी। फिर यह आवाज रोज आने लगी। इससे ग्रामीण दहशत में आने लगे। पहले अपनी तरफ से खोजबीन की कोशिश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद ग्राम प्रधान ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे लेकिन महिला के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनते ही भाग निकले।
सीओ अमेठी लल्लन सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जंगल में कांबिंग कराई जाएगी। फिलहाल एलआईयू मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार छानबीन के बावजूद उन्हें कोई महिला नहीं मिली। कुछ देर के लिए सामने दिखती है फिर गायब हो जाती है। लोगों में पहले से ज्यादा डर और दहशत फैल गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.