बाराबंकी में प्रेमी- प्रेमिका ने फांसी लगाकर दी जान, युवक की दो माह पहले हुई थी शादी, अलग- अलग समुदाय से थे दोनों

दोनों के अलग- अलग समुदाय होने की वजह से तनाव की आशंका को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती

146

इंडिन्यूजलाइन, बाराबंकी (मुकेश कुमार)
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले में घर से भागे प्रेमी- प्रेमिका ने एक साथ फांसी लगाकर जान दे दी है। दोनों के शव गुरुवार सुबह पेड़ से लटकता मिला। युवती के दुपट्टे से दोनों ने फांसी लगाई। दोनों के अलग- अलग समुदाय होने की वजह से तनाव की आशंका को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।

दोनों के बीच पांच साल से चल रहा था अफेयर
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी सूरज कुमार (21) और निशा बानो (18) के बीच पांच साल से अफेयर चल रहा था। हालांकि, अलग धर्म होने के चलते परिवार दोनों की शादी को तैयार नहीं हुआ।

युवक की दो माह पहले हुई थी शादी
सूरज के परिवार ने दो महीने पहले उसकी शादी करा दी थी। पुलिस के मुताबिक दोनों का घर गांव में आसपास है। रात 2 बजे दोनों गायब हो गए। दोनों परिवार को शक हुआ तो उनकी तलाश की। हालांकि, कुछ पता नहीं चल पाया। गुरुवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने दोनों के शव पेड़ से लटके हुए देखे। इसके बाद दोनों के परिवारों को इसकी सूचना दी।

पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच पांच साल से अफेयर था। दो महीने पहले हुई शादी के बाद भी सूरज निशा बानो से संपर्क में था। इसे लेकर पत्नी से भी उसका विवाद चल रहा था। वह निशा के साथ शादी करने का दबाव बना रहा था।

प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला, सभी एंगल से चल रही जांच
सीओ जगतराम कनौजिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस दबाव, धमकी या हत्या की आशंका को भी खारिज नहीं कर रही है। सभी एंगल से जांच की जा रही है। मामला दो समुदायों से जुड़ा हुआ है। इस वजह से गांव में तनाव है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Comments are closed.