आगरा में जुमे की नमाज से पहले जामा मस्जिद में रखा जानवर का सिर, हंगामा व नारेबाजी के बीच पुलिस से धक्कामुक्की, आरोपी नजरुद्दीन गिरफ्तार

पुलिस ने मस्जिद से बैग हटाया, इसके बाद मस्जिद धुलवाई

131

इंडीन्यूजलाइन, आगरा
उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार को जुमे की नमाज से पहले शाही जामा मस्जिद में जानवर का सिर रखकर बैग फैंकने वाले आरोपी नजरुद्दीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सुबह जब लोग नमाज पढ़ने पहुंचे तो बैग पर नजर पड़ी थी। यह जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिद में पहुंच गए थे। जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। बैग मस्जिद के हाल के एक कोने में रखा गया था। पुलिस ने वहां से बैग हटा दिया। इसके बाद मस्जिद धुलवाई गई।

चार घंटे में ही आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखे। जिसमें एक युवक दिखा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पहचान कराते हुए नजरुद्दीन उर्फ कल्लू पुत्र सलाहुद्दीन निवासी शाहगंज को चार घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं शुक्रवार को नमाज के बाद घटना को लेकर नारेबाजी की गई। इस दाैरान पुलिस फोर्स तैनात रहा। हंगामा कर रहे लोगों पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए उन्हें खदेड़ दिया। इससे हंगामा कर रहे लोग भाग खड़े हुए। पुलिस ने दाैड़कर उनका पीछा किया।

मस्जिद में घुसता हुआ दिखा था आरोपी, गिरफ्तार
गुरुवार सुबह 11 बजे युवक मस्जिद में घुसता हुआ दिखा था। उसके आधार पर पुलिस ने मंटोला के टीला नंदराम के रहने वाले नजरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जुमा की नमाज से पहले शाही जामा मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया। मंटोला में पुलिस अधिकारियों फोर्स के साथ पेट्रोलिंग भी की। सभी को शांति से नमाज पढ़ने की अपील की गई। दोपहर में जुमा की नमाज में कुछ युवक हाथों में काली पट्टी बांधकर पहुंचे।

नमाज के बाद मस्जिद से ही नारेबाजी

नमाज पढ़ने के बाद कुछ युवकों ने मस्जिद में से ही नारेबाजी शुरू कर दी। मस्जिद से नारेबाजी करते हुए युवक बाहर निकले। पुलिस ने उन्हें शांति से घर जाने को कहा। नारेबाजी करने से रोकने की कोशिश की तो युवकों ने पुलिसकर्मियों को धक्का दे दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठी फटकार कर युवकों को वहां से खदेड़ दिया। डीसीपी सिटी सोनम कुमार पुलिस और पीएसी के साथ पेट्रोलिंग कर रहे हैं।

Comments are closed.