इंडिन्यूज लाइन, लखनऊ।
अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा ने सभी स्वयंसेवकों से सम्पूर्ण समाज को साथ लेकर विश्व के सामने उदाहरण प्रस्तुत करने वाला समरस और सँगठित भारत बनाने के लिए कटिबद्ध होने का आह्वान किया है। मंगलवार को जियामऊ स्थित विश्व संवाद केंद्र पर 21 से 23 मार्च तक बेंगलुरु में आयोजित अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा के सन्दर्भ में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी RSS, अवध प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. अशोक दुबे ने दी।
संघ ने दैनिक शाखा के अर्जित संस्कारों से समाज का अटूट विश्वास और स्नेह प्राप्त किया
डॉ. अशोक दुबे ने बताया कि 100 वर्ष की अपनी यात्रा में संघ ने दैनिक शाखा द्वारा अर्जित संस्कारों से समाज का अटूट विश्वास और स्नेह प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि पंच परिवर्तन के माध्यम से समरस और सँगठित हिन्दू समाज का निर्माण करने का संकल्प स्वयंसेवकों का है।
बांग्लादेश के हिन्दू समाज के साथ एकजुटता से खड़े होने का आह्वान करते हुए प्रस्ताव भी पारित
प्रांत संघ चालक सरदार स्वर्ण सिंह ने बताया कि प्रतिनिधि सभा में देशभर से आये 1443 प्रतिनिधियों द्वारा बांग्लादेश के हिन्दू समाज के साथ एकजुटता से खड़े होने का आह्वान करते हुए प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्रस्ताव में कहा गया कि बांग्लादेश में हिन्दू और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों पर इस्लामी कट्टरपंथी तत्वों द्वारा लगातार हो रही सुनियोजित हिंसा, अन्याय और उत्पीड़न स्पष्ट रूप से मानवाधिकार हनन का गम्भीर विषय है।
अवध प्रांत के सभी 174 खंडों में संघ की शाखाएं
उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष में कार्य विस्तार की दृष्टि से अवध प्रांत के सभी 174 खंडों में संघ की शाखाएं हैं। नगरीय क्षेत्रों में प्रांत में कुल 569 बस्ती हैं, जिसमें 468 बस्तियों में शाखाएं हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 1815 मंडल हैं, जिनमें 1598 मंडल शाखा युक्त हैं। अवध प्रांत में 2021 स्थानों पर 3058 शाखाएं लग रही हैं।
विजयादशमी पर संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर हिन्दू सम्मेलनों का होगा आयोजन
आगामी विजयादशमी पर संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रत्येक गांव, नगर व बस्ती में गृह संपर्क और हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जायेगा। प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. अशोक दुबे ने बताया कि इस दौरान अधिकत्तम स्थानों पर गणवेश में उत्सव मनाया जाएगा। इसके तहत गोष्ठियां, सामाजिक सद्भाव बैठक, शैक्षिक संस्थानों के युवाओं के लिए विकेन्द्रित कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
इस मौके पर पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, राष्ट्रधर्म पत्रिका के निदेशक व सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख मनोजकांत और विश्व संवाद केंद्र प्रमुख डॉ. उमेश मौजूद रहे।