लखनऊ: भाजपा को रोकने की ताकत समाजवादी पार्टी में है- अखिलेश यादव

सपा की लड़ाई खत्म नहीं हुई, नई पीढ़ी के लिए काम करना ही होगा

0 140

लखनऊ, संवाददाता।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जनता ने लोकसभा चुनाव में साथ दिया अब भविष्य की तैयारी का समय है। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा को रोकने की ताकत समाजवादी पार्टी में है। उत्तर प्रदेश में वही एक मात्र विकल्प है। पीडीए ही भाजपा को मात देगा। वह गुरूवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा के कारण संविधान खतरे में है। वह आरक्षण लागू नहीं करना चाहती है। इसलिए समाजवादी पार्टी की लड़ाई खत्म नहीं हुई है। भविष्य में नई पीढ़ी के लिए काम करना ही होगा। अखिलेश ने कहा कि पीडीए से भाजपा घबराई हुई है। इसलिए वह षडयंत्र करने से बाज नहीं आ सकती है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेतृत्व को बदनाम करने और निर्दोषों को झूठे मुकदमों में फंसाने का काम भाजपा कर रही है। उत्तर प्रदेश का विकास ठप्प है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सत्ता लोलुप भाजपा नई-नई चालें चलती रहेगी। उससे सावधान रहना है।

भाजपा राज में जनता त्रस्त, महंगाई चरम पर, बेरोजगारी से नौजवान परेशान

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राज में जनता त्रस्त है। महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी से नौजवान परेशान है। भाजपा ने किसानों को धोखा दिया है। उनकी फसलों को एमएसपी नहीं मिल रही है। उनकी आय दुगनी करने का दावा भी धोखा साबित हुआ है। प्रदेश में पूंजी निवेश के नाम पर हवाई दावे किए गए हैं। प्रदेश में एक भी नया उद्योग या बिजली घर नहीं लगा।
समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़नी है

उन्होने आवहान् किया कि प्रदेश में 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़नी है। भाजपा ने प्रदेश को दशकों पीछे धकेल दिया है। कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ही जीवन में बदलाव आएगा और गांव की तस्वीर में भी परिवर्तन आएगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जनता के प्रति ईमानदार नहीं हैं। अस्पतालों में इलाज नहीं मिल रहा है। गरीब की कोई सुनने वाला नहीं है। सड़कों के गड्ढे अभी तक नहीं भरे गए हैं। करोड़ों का बजट कहां गया पता नहीं चल रहा है। वृक्षारोपण के नाम पर भारी भ्रष्टाचार हुआ। भाजपा ने पूरी व्यवस्था को तहत नहस कर दिया है।

समाजवादी कार्यकर्ताओं को और भी ज्यादा मेहनत से जुटे रहना हैं

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ताओं को और भी ज्यादा मेहनत से जुटे रहना हैं। समाजवादी पार्टी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उसका मानना है कि किसान खुशहाल होगा और नौकरी रोजगार के रास्ते खुलेंगे तभी विकास सार्थक होगा।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने प्राणपण से जुटकर 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार प्रदेश में बनाने का संकल्प लिया। सभी कार्यकर्ता मिलकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों का विरोध करेंगे और समाजवादी पार्टी की नीति-कार्यक्रमों को घर-घर, गांव-गांव पहुंचाने तक चैन से नहीं बैठेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.