लखनऊ: सुभासपा का बदला चुनाव चिन्ह, छड़ी की जगह अब चाबी पर लगाया दाव

चारबाग स्थित रवींद्रालय में हुई बैठक में सर्वसम्मति से तीन महत्वपूर्ण पदों की पुन: घोषणा

0 119

लखनऊ, संवाददाता।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) का नया चुनाव चिन्ह छड़ी की जगह अब चाबी होगा। चारबाग स्थित रवींद्रालय में हुई बैठक में सर्वसम्मति से तीन महत्वपूर्ण पदों की पुन: घोषणा की गई। इसके साथ ही पूर्व की सरकारों पर हमला बोला गया।

ओपी राजभर बने सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

ओमप्रकाश राजभर को राष्ट्रीय अध्यक्ष और उनके पुत्र डा. अरविंद राजभर को राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की घोषणा की गई। अरुण राजभर राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता बने रहेंगे जबकि प्रेमचंद कश्यप को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। 25 जिलों के जिलाध्यक्षों व विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई।

एक महीने तक चला प्रदेशस्तरीय सदस्यता अभियान

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर ने बताया कि पिछले एक महीने तक प्रदेशस्तरीय सदस्यता अभियान चलाया गया। ग्रामीण स्तर पर सक्रिय सदस्यता अभियान जारी रहेगा। सालिक यादव राष्ट्रीय संगठन मंत्री, रामललित चौधरी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पतिराम राजभर राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी, राष्ट्रीय सचिव विनोद राजभर, कालूराम प्रजापति व रामाश्रय पासवान बनाए गए हैं। राधिका पटेल महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाई गई हैं।

इसके अलावा बिछेलाल राजभर एमएलसी को पूर्वांचल, अमरमणि कश्यप को मध्यांचल, सुजीत बंजारा को पश्चिमांचल, कालूराम प्रजापित को बुंदेलखंड का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई।

अभी से 2026 में होने वाले जिला पंचायत और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान

इस मौके पर ओमप्रकाश राजभर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभी से 2026 में होने वाले जिला पंचायत और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। पूर्व सरकारों पर हमलावर होते हुए कहा कि सरकार में रहते हुए इन्हें शोषित, वंचित, पिछड़ा, दलित, अतिपिछड़ा एवं अल्पसंख्यक समाज के लोगों की याद क्यों नहीं आई? सरकार में रहते हुए जातिगत जनगणना, सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट को लागू करने की याद क्यों नहीं आई? उन्होंने प्रदेशवासियों से इन पार्टियों से सावधान रहने की अपील की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.