दिल्ली में खुलेआम मर्डर, रेप, वसूली और फायरिंग हो रही, जानें किसने कही ये बात

अरविंद केजरीवाल ने साधा गृहमंत्री पर निशाना, कहा अमित शाह ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था को संभाला है, तब से पूरी दिल्ली की कानून-व्यवस्था लगभग खत्म हो गई

0 128
नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा में शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन बुधवार को भी दिल्ली में बिगड़ी कानून व्यवस्था का मुद्दा गरमाया रहा। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं नई दिल्ली से विधायक अरविंद केजरीवाल ने कानून व्यवस्था पर भाजपा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली में खुलेआम मर्डर, रेप, वसूली और फायरिंग की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन भाजपा के लिए दिल्ली में कानून व्यवस्था कोई मुद्दा नहीं है। बुधवार को भी दिल्ली के देवाली में एक युवक के माता-पिता और बहन की हत्या कर दी गई। क्या भाजपा के लिए एक आम आदमी की सुरक्षा मायने नहीं रखती है?
उन्होंने कहा कि जब से अमित शाह ने दिल्ली की कानून- व्यवस्था को संभाला है, तब से पूरी दिल्ली की कानून-व्यवस्था लगभग खत्म हो चुकी है। भाजपा चाहे जितने भी मेरे विधायक गिरफ्तार करवा ले या मुझ पर लिक्विड फेंकवा ले, लेकिन मैं बिगड़ी कानून व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाता रहूंगा।
दिल्ली विधानसभा में सदन को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल कहा कि कानून व्यवस्था पर जब भाजपा से पूछा जाता है तो ये कहते हैं कि क्राइम तो मुद्दा ही नहीं है। दिल्ली में लॉ एंड ऑर्डर मुद्दा ही नहीं है। दिल्ली में खुलेआम लोगों के मर्डर हो रहे हैं और भाजपा कहती है कि क्राइम मुद्दा ही नहीं है। दिल्ली में महिलाओं के बलात्कार हो रहे हैं, महिलाएं असुरक्षित हैं, भाजपा कहती है कि लॉ एंड ऑर्डर मुद्दा ही नहीं है। दिल्ली में सरेआम व्यापारियों को फिरौती की धमकियां मिल रही है। भाजपा कहती है कि क्राइम मुद्दा ही नहीं है। दिल्ली में सरेआम गैंगस्टर्स व्यापारियों की दुकानों पर गोलियां बरसा रहे हैं और इनके नेता कहते हैं कि क्राइम मुद्दा ही नहीं है। गृह मंत्री अमित शाह की सीधे-सीधे जिम्मेदारी बनती है कि दिल्ली की कानून-व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाया जाए और गृह मंत्री के घर के 20-30 किलोमीटर के दायरे के अंदर सरेआम शूटआउट चल रहे हैं, गैंगस्टर्स पूरी दिल्ली पर कब्जा कर चुके हैं और गृह मंत्री आराम से अपने घर पर सो रहे हैं, उन्हें दिल्ली की कोई चिंता नहीं है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि क्या इस देश के अंदर एक वीआईपी की सुरक्षा और एक आम आदमी की सुरक्षा के अलग-अलग पैमाने होने चाहिए? वीआईपी की भी सुरक्षा जरूरी है। आज सुखबीर बादल पर हमला हुआ, पंजाब पुलिस ने मुस्तैदी से उनकी सुरक्षा की।
Leave A Reply