नगर विकास मंत्री ने लखनऊ में गौशाला का किया निरीक्षण, जन्माष्टमी पर गौ-पूजन के साथ ही गायों को गुड़ भी खिलाया

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गौशाला की वाटिका में बेल के पौधे को रोपित किया

0 43

लखनऊ, संवाददाता।

उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने रविवार को सरोजनीनगर के नादरगंज अमौसी स्थित कान्हा उपवन गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला के बेहतर व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही जन्माष्टमी के पावन पर्व पर गौशाला में गौ-पूजन किया, बाड़ों में जाकर गायों को गुड़ भी खिलाया।

इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गौशाला की वाटिका में बेल के पौधे को रोपित किया। उन्होंने गोल्फ कार्ट पर बैठकर सम्पूर्ण परिसर का अवलोकन किया और भ्रमण कर गौशाला, नंदीशाला, गौसेवक आवास, चरागृह, दारीका गऊ आवास, वृषभ क्षेत्र, पोखर, कान्हा स्टोर, सिद्धार्थ पशु-पक्षी उपचार केंद्र, ऑपरेशन कक्ष, इमरजेंसी कक्ष का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी गोपालको से अपील की है कि वे गोवंश का स्वयं पालन करें और उन्हें निराश्रित न छोड़े। आम नागरिक भी किसी गोवंश के घायल होने पर उसकी जानकारी अपने निकटतम नगरीय निकाय को दें यह भी एक प्रकार की गो सेवा ही है। किसान भाई भी गोवंश की सेवा के लिए चारे भूसे का दान कर सकते हैं।

नगर विकास मंत्री ने सभी बाड़ों का निरीक्षण किया, जहां पर सभी नांदों में मानक के अनुरूप भूसा चोकर तथा हरा चारा उपलब्ध पाया गया। सभी बाड़ों में स्वच्छ शीतल जल की उपलब्धता मिली तथा सम्पूर्ण परिसर की सफाई व्यवस्था उच्च कोटि की मिली। कुछ बाड़ों में निराश्रित गोवंश के लिए कूलर की व्यवस्था होने से उन्होंने नगर निगम के कार्यों की प्रशंसा की। सभी गोवंशो का स्वास्थ्य अच्छा पाया गया और देखा गया की गर्मी से बचाव हेतु नमक का उपयोग भी चारे में मिलाकर किया जा रहा है।

गौशाला में गोवंशो के लिए पर्याप्त शेड हो, इसके लिए उन्होंने कुछ स्थानो पर शेड के विस्तार के निर्देश दिए तथा गौशाला को आत्मनिर्भर बनाये जाने पर भी बल दिया। उन्होंने गौशाला से दूध तथा गोबर की बिक्री की जानकारी ली। अमृत योजना के अंतर्गत विकसित किये जा रहें कान्हा और राधा सरोवर के निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली। गायों के पेट मे फंसी पॉलीथिन निकालने की अत्याधुनिक शल्य क्रिया यानी रूमनोटॉमी की भी जानकारी ली और गोवंशों का जीवन बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए कान्हा उपवन के डॉक्टर टीम की प्रशंसा की।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त डॉ अरविन्द राव, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा आदि उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.